राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले महीने 62 हज़ार से ज़्यादा जन शिकायतों का निवारण किया गया। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग ने आज जारी 37वीं मासिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। यह रिपोर्ट केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों की स्थिति को बताती है।
अगस्त तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 77 हज़ार जन शिकायत मामले दर्ज किए गए। पिछले महीने विभिन्न माध्यमों से 89 हज़ार 500 से ज़्यादा नए उपयोगकर्ताओं ने पंजीकरण कराया है। रिपोर्ट में शिकायतों के प्रकार, श्रेणियों और निपटान पैटर्न का विश्लेषण दिया गया है। इसमें आगे बताया गया है कि इस महीने के दौरान पोर्टल पर लंबित शिकायतों की संख्या 1 लाख पचहत्तर हज़ार से ज़्यादा थी।
सेवोत्तम योजना के अंतर्गत शिकायत निवारण क्षमता को मज़बूत करने में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। शिकायत निवारण में दक्षता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए कुल 917 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें 3 हजार 622 अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है।