रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट मूवमेंट के संस्थापक हेनरी डुनेंट की जयंती पर आज विश्व रेड क्रॉस दिवस मनाया जा रहा है। इस वर्ष का विषय है- मानवता को जीवित रखना। यह दिवस उन लोगों के सम्मान में मनाया जाता है, जो दूसरों की पीड़ा को कम करने और उनकी गरिमा की रक्षा के लिए समर्पित रहते हैं।
इस अवसर पर नागालैंड में, रेड क्रॉस स्वयंसेवक कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की जा रही हैं। राज्यपाल ला गणेशन, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की नागालैंड शाखा कोहिमा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इस अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में, डॉ. रियो ने रेड क्रॉस स्वयंसेवकों के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी करुणा, साहस और अटूट निष्पक्षता के साथ सेवा करते हैं।