श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा और श्रीलंका के बुद्धशासन, धार्मिक और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री हिनिदुमा सुनील सेनेवी ने आज जाफना के सांस्कृतिक केंद्र का नाम बदलकर ‘तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र‘ रखने की घोषणा की। यह निर्णय महान तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर को श्रद्धांजलि तथा उनके सम्मान में लिया गया है। एक करोड बीस लाख डालर की भारतीय सहायता से निर्मित इस अत्याधुनिक केंद्र में एक संग्रहालय, 600 सीटों वाला सभागार और 11 मंजिला लर्निंग टॉवर शामिल हैं। इसका उद्घाटन 2022 में हुआ था और 2023 में इसे श्रीलंका के लोगों को समर्पित किया गया था।
श्री झा ने इस केंद्र को भारत और श्रीलंका के बीच सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक बताया और तिरुवल्लुवर की शिक्षाओं को बढ़ावा देने के लिए लोगों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया। श्रीलंका के मंत्री सेनेवी ने तिरुवल्लुवर के करुणा और धर्म से संबंधित संदेश पर प्रकाश डाला और भारतीय उच्चायुक्त को महान कवि की सिंहली भाषा में अनुदित रचना तिरुक्कुरल भेंट की।