विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप: शैलेश कुमार ने दिलाया भारत को पहला स्वर्ण पदक

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कल नई दिल्‍ली में भारत के शैलेश कुमार ने देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। बिहार के शैलेश ने एक दशमलव नौ-एक मीटर की ऊँचाई कूदकर ऊँची कूद में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्‍होंने एक नया चैंपियनशिप और एशियाई रिकॉर्ड तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया। इसी स्पर्धा में भारत के वरुण सिंह भाटी ने कांस्य पदक जीता।
भारतीय ट्रैक एथलीटों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की चार सौ मीटर टी-20 स्पर्धा के फाइनल में 55 दशमलव एक-छह सेकंड का समय लेकर रजत पदक जीता। वे तुर्की की आयसेल ओन्डर से कुछ ही पीछे रहीं, जिन्होंने 54 दशमलव पांच-एक सेकंड का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। 
भारत के स्प्रिंट दल ने भी दमदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की एक सौ मीटर टी-37 स्पर्धा के पहले राउंड में, राकेशभाई भट्ट ने हीट वन में 11 दशमव छह-दो सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जबकि श्रेयांश त्रिवेदी ने हीट थ्री में 11 दशमलव नौ-चार सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
12वीं विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 कल नई दिल्ली में शुरू हुई। नौ दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में कुल एक सौ 86 पदक स्पर्धाएँ होंगी। इनमें पुरुषों के लिए एक सौ एक, महिलाओं के लिए 84 और एक मिक्‍सड स्पर्धा शामिल है। चैंपियनशिप का समापन पांच अक्‍तूबर को होगा।