महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने नई दिल्ली में पोषण पखवाड़ा के 8वें संस्करण का शुभारंभ किया। पोषण पखवाड़ा का विषय है – जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास। श्रीमती अन्नपूर्णा ने कहा कि पोषण पखवाड़ा का मकसद पोषण को जन आंदोलन बनाना है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता इस काम में अहम भूमिका निभा रही हैं और घर-घर तक पहुंचकर बच्चों और माताओं की देखभाल कर रही हैं। मंत्री ने बताया कि स्वच्छता से लेकर पोषण संबंधी प्रथाओं तक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रतिदिन देश के बच्चों के भविष्य को आकार दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पोषण परिणामों को राष्ट्रव्यापी स्तर पर मजबूत करने के लिए राज्यों से सर्वोत्तम प्रथाओं की पहचान करेगी और उन्हें व्यापक स्तर पर लागू करेगी। मंत्री ने देश से एनीमिया और कुपोषण को समाप्त करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने बल दिया कि राज्यों को कमियों की पहचान करनी चाहिए और तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए। पोषण लक्ष्यों में कोई भी क्षेत्र पीछे नहीं छूटना चाहिए। मंत्री ने पारंपरिक भोजन और स्थानीय खान-पान को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करने और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने पर भी बल दिया।
इस मौके पर पोषण ट्रैकर ऐप में एक नया फीचर होम विजिट शेड्यूलर भी शुरू किया गया। पखवाड़े के दौरान देशभर में आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए जागरूकता कार्यक्रम, पोषण से जुड़ी गतिविधियां और बच्चों के लिए खेल आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
News On AIR | अप्रैल 9, 2026 7:01 अपराह्न | 8th edition of Poshan Pakhwada
महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पोषण पखवाड़ा के 8वें संस्करण का शुभारंभ किया