मई 1, 2026 2:47 अपराह्न

printer

प. बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल ने धांधली के आरोपों को निराधार बताया

पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मतगणना केंद्रों पर धांधली के आरोपों को निराधार बताया है। आकाशवाणी के साथ एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित माध्यमों से किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि आयोग चुनाव के बाद होने वाली हिंसा से निपटने के लिए हरसंभव उपाय कर रहा है। श्री अग्रवाल ने बताया कि कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाएं हुई हैं और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

तृणमूल कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित स्ट्रांगरूम का दौरा किया और आरोप लगाया कि मतदान और मतगणना के बीच चार दिन का अंतराल जानबूझकर मतदान मशीनों में छेड़छाड़ के लिए रखा गया है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी ईवीएम में छेड़छाड़ के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी। उन्होंने आयोग से पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य भर के सभी स्ट्रांगरूम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया।