मई 11, 2026 8:59 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल: कांग्रेस और वामपंथी दलों ने भाजपा के खिलाफ संयुक्त विपक्षी मोर्चा बनाने के ममता बनर्जी के प्रस्‍ताव को किया खारिज

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और वामपंथी दलों ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ संयुक्त विपक्षी मोर्चा बनाने के ममता बनर्जी के प्रस्‍ताव को खारिज कर दिया है। ममता बनर्जी ने एक संदेश में कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और कट्टर वाम दलों सहित सभी विपक्षी दलों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान  किया था।

कांग्रेस प्रवक्ता सौम्या ऐच रॉय ने ममता बनर्जी की अपील को खारिज करते हुए पूछा की वह कट्टर वामपंथी समूह की बात क्‍यों कर रही हैं। उन्‍होंने 2013 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ माओवादी हिंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर पिछले चुनावों में कांग्रेस को बदनाम करने और भाजपा के उदय को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि ममता बनर्जी ने ही भाजपा को बंगाल में पैर जमाने का मौका दिया।

माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने भी इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए ममता बनर्जी को भ्रष्ट और सांप्रदायिक बताया। सीपीआई के प्रदेश सचिव स्वपन बंदोपाध्याय ने कहा कि ममता बनर्जी के साथ जुड़ने का कोई सवाल ही नहीं है।

सीपीआई (एम-एल) लिबरेशन के अभिजीत मजूमदार ने तृणमूल कांग्रेस को दक्षिणपंथी तानाशाही पार्टी बताया, वहीं एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के पोलित ब्यूरो सदस्य अमिताभ चटर्जी ने टिप्पणी की कि ममता बनर्जी ऐसी अपील सिर्फ इसलिए कर रही हैं क्योंकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

इस बीच, भाजपा के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी की अपील को अप्रासंगिक बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि अब उनका कोई राजनीतिक महत्व नहीं रह गया है।