पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के सरकार में आने के बाद, राज्य की पुलिस ने कानून व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा पर सख्त रुख अपनाया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून-व्यवस्था ने सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और रेलवे पुलिस अधिकारियों को कई अहम निर्देश जारी किए हैं।
इन निर्देशों में 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के सभी मामलों की नए सिरे से जांच करने को कहा गया है। जिन मामलों में लापरवाही पाई गई है, उनकी दोबारा जांच की जाएगी। साथ ही उस समय दर्ज शिकायतों और जनरल डायरी की भी फिर से जांच होगी।
राज्य पुलिस ने सभी थानों में रखे हथियारों और गोला-बारूद का सत्यापन 15 मई तक पूरा करने के भी निर्देश दिए हैं। इसके बाद 16 मई से अवैध हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों के खिलाफ दो सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस ने सीमा पार तस्करी, अवैध पशु बाजारों, बूचड़खानों और अवैध खनन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।