पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब केवल ग्यारह दिन बचे हैं और चुनाव प्रचार अभियान तेज़ हो गया है। देश के शीर्ष राजनीतिक दलों के नेता आज राज्य भर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह लगभग ग्यारह बजे सिलीगुड़ी के कावाखाली में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं। उनकी रैलियां बांकुरा के सोनामुखी तथा बाद में पूर्व मेदिनीपुर के नंदकुमार और कांथी दक्षिण में आयोजित होंगी।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान और बांकुरा जिलों में कई जनसभाओं को संबोधित करेंगी।
इस बीच, हुगली में भी तैयारियां ज़ोरों पर हैं, जहां तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी डनलप फैक्ट्री मैदान में समर्थकों को संबोधित करेंगे। यह रैली चुचुड़ा और सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित की जा रही है।