अप्रैल 9, 2026 10:40 पूर्वाह्न

printer

केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के महासचिव से वर्चुअल बैठक में भारत-जीसीसी सहयोग पर चर्चा की

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जी.सी.सी) के महासचिव के साथ वर्चुअल बैठक की और विभिन्न क्षेत्रों में भारत-जीसीसी सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि दोनों पक्षों ने आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और सुदृढ़ बनाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

कुवैत के अपने समकक्ष ओसामा खालिद बूदाई के साथ बैठक के बारे में श्री गोयल ने कहा कि दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार संबंधों के विस्तार और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने पर विचार-विमर्श किया।

श्री गोयल ने चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज़ मैकेना के साथ भी वर्चुअल बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने मुक्त व्यापार समझौता वार्ता को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने जल्द ही पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद भी व्यक्त की।

श्री गोयल ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश व्यापार मंत्री थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी से भी बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-यूएई व्यापार संबंधों को और मजबूत करने तथा द्विपक्षीय सहयोग के नए अवसरों के विस्तार पर चर्चा की। साथ ही रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।