मई 1, 2026 7:53 अपराह्न | Union minister Mansukh Mandaviya

printer

कर्नाटक में दो ईएसआईसी अस्पतालों को बड़ी सौगात, केन्‍द्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मांडविया करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास

केन्‍द्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया रविवार को कर्नाटक के दोडबल्लापुर में नवनिर्मित सौ बिस्‍तरों वाले ईएसआईसी अस्‍पताल का उद्घाटन करेंगे। डॉ मां‍डविया रविवार को ही कर्नाटक के बेल्‍लारी में सौ बिस्‍तरों वाले एक ईएसआईसी अस्‍पताल के लिए आधारशिला भी रखेंगे। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने कहा कि ये स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाएं क्षेत्र में कर्मचारी राज्‍य बीमा योजना के अन्‍तर्गत स्वस्‍थ्‍य सेवा को सशक्‍त बनाने में एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि को दर्शाती है।

बेंगलूरू ग्रामीण के दोडबल्‍लापुर स्थित ईएसआईसी अस्‍पताल पांच एकड़ से अधिक जमीन पर एक सौ एक करोड़ रुपये की लागत पर निर्मित किया गया है। इस अस्‍पताल से एक लाख बीमित श्रमिक और उनके परिवार को ईलाज की सुविधा मिलने की आशा है। बेल्‍लारी स्थित प्रस्‍तावित ईएसआईसी अस्‍पताल एक सौ पचास करोड रुपये से अधिक की अनुमानित लागत पर विकसित किया जाएगा। यह अस्‍पताल ईएसआईसी योजना के अन्‍तर्गत बीमित कर्मचारी और उनके परिवार को आधुनिक और उन्‍नत स्‍वास्‍थ्य सेवा प्रदान करेगा।