फ़रवरी 13, 2026 6:37 अपराह्न | TRAI launches new versions of DND and MySpeed ​​apps

printer

ट्राई ने लॉन्च किए डीएनडी और माईस्पीड ऐप के नए संस्करण

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण – ट्राई ने आज नई दिल्‍ली में अपने ट्राई डू नॉट डिस्टर्ब – डीएनडी और ट्राई माईस्‍पीड मोबाइल एप्लिकेशन के नए संस्‍करण का शुभारंभ किया। इन नए संस्‍करणों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्पैम संदेशों को रोकने और वास्तविक समय में नेटवर्क प्रदर्शन का सटीक आकलन करने में सक्षम बनाना है।
इस अवसर पर ट्राई के अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि अपग्रेड किए गए ट्राई डीएनडी और माईस्पीड ऐप को आधुनिक तकनीक के अनुरूप बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सरल इंटरफेस, बहुभाषी सुविधा, तेजी से शिकायत पंजीकरण और उपयोगकर्ता समस्याओं की अधिक पारदर्शी ट्रैकिंग प्रदान करना है। श्री लाहोटी ने कहा कि ये सरल लेकिन शक्तिशाली उपकरण उपयोगकर्ताओं को सेवा प्रदाताओं का आकलन करने, स्पैम की प्रभावी ढंग से रिपोर्ट करने और सेवा की गुणवत्ता में सुधार में प्रत्यक्ष भूमिका निभाने की अनुमति देते हैं। उन्होंने कहा कि कॉल की गुणवत्ता पर प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए माईकॉल ऐप का नया संस्करण मार्च 2026 में लॉन्च होने की उम्मीद है।
ट्राई ने वर्ष 2025 के लिए अनचाहे वाणिज्यिक संचार – यूसीसी के प्रवर्तन और डीएनडी प्रणाली के तहत उपभोक्ता सहभागिता पर अपना वार्षिक अपडेट भी जारी किया है। इसमें स्पैम टेलीमार्केटिंग के खिलाफ नियामक कार्रवाई में महत्वपूर्ण वृद्धि का उल्‍लेख किया गया है। ट्राई ने बताया कि 2025 में डीएनडी ऐप के माध्यम से 17 लाख से अधिक स्पैम शिकायतें दर्ज की गईं। इससे अपंजीकृत टेलीमार्केटर्स के खिलाफ कार्रवाई करने में योगदान मिला।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला