राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दीं हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मभूमि गुजरात सामाजिक उत्थान, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के लिए अनेक प्रेरणादायक आदर्श प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के उद्यमशील और प्रगतिशील लोगों ने मेहनत और प्रतिभा से विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने विश्वास जताया कि गुजरात के निवासी दृढ़ संकल्प के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने और प्रगति के नए मुकाम हासिल करने के लिए आगे बढ़ते रहेंगे।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि उद्यमशीलता और नवाचार की भावना के लिए प्रसिद्ध गुजरात ने भारत की आर्थिक शक्ति और सांस्कृतिक समृद्धि को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इसकी दृढ़ता और प्रगतिशील सोच की विरासत प्रेरणा देती रहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन गुजरात के समृद्ध इतिहास, जीवंत संस्कृति और असाधारण भावना का उत्सव है। गुजरात ने देश की प्रगति में उत्कृष्ट योगदान दिया है। श्री मोदी ने कहा कि राज्य के लोगों का गतिशील और उद्यमशील स्वभाव सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में गुजरात प्रगति की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।