राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टनरपत्ती क्षेत्र में एक निजी पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में 18 श्रमिकों की कथित मौत और छह अन्य के घायल होने के मामले में तमिलनाडु के मुख्य सचिव और विरुधुनगर के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लेते हुए आयोग ने दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने कहा कि रिपोर्ट में घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति, मामले की जांच और मृतकों और घायलों के परिजनों को दिए गए मुआवजे का विवरण शामिल होना चाहिए। आरोप है कि रासायनिक मिश्रण और निर्माण प्रक्रिया के दौरान घर्षण के कारण विस्फोट हुआ। 19 अप्रैल को हुई इस घटना के समय कारखाने में महिलाओं सहित सौ से अधिक श्रमिक मौजूद थे।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव और गजपति जिले के पुलिस अधीक्षक को एक स्कूल में दो छात्राओं की कथित मौत के मामले में नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लेते हुए आयोग ने दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने बताया कि इस महीने की 15 तारीख को ओडिशा के गजपति जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय का लोहे का गेट गिरने से छात्राओं की मौत हो गई।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले में स्थित एक ताप विद्युत संयंत्र में बॉयलर ट्यूब विस्फोट के कारण 13 श्रमिकों की कथित मौत और 20 अन्य के घायल होने के मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लेते हुए आयोग ने दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट से अत्यधिक गर्म भाप निकली जिसने श्रमिकों को अपनी चपेट में ले लिया। बॉयलर को बंद करके ठंडा करने के बाद पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया।