मई 1, 2026 2:31 अपराह्न

printer

आज राज्य भर में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है 67वां महाराष्ट्र दिवस

67वां महाराष्ट्र दिवस आज राज्य भर में बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई के लोक भवन में राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राज्य गीत की प्रस्तुति के बीच तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और हुतात्मा स्मारक पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

संवाददाताओं से बात करते हुए श्री फडणवीस ने महाराष्ट्र को देश की शक्ति का केंद्र और विकास का इंजन बताया। मराठी भाषा विवाद पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने दोहराया कि महाराष्ट्र में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मराठी सीखनी होगी। लेकिन मराठी के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के नागरिकों के लिए एक वीडियो संदेश भी जारी किया। श्री फडणवीस ने इस दिवस को न केवल उत्सव का अवसर बल्कि आत्मनिरीक्षण का अवसर भी बताया। खरीफ के मौसम में औसत से कम बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए, उन्होंने किसानों से बुवाई में जल्दबाजी न करने और कृषि विभाग द्वारा जारी निर्देशों पर पूरा ध्यान देने की अपील की।

​​समाज के विभिन्न वर्गों के लिए बनाई गई विभिन्न सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए, उन्होंने इस अवसर पर महाराष्ट्र के विकास की समग्र समीक्षा करने की आवश्यकता पर बल दिया।