पश्चिम एशिया में स्थायी शांति के लिए अमरीका और ईरान पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में वार्ता कर रहे हैं। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ईरना ने बताया कि दक्षिणी लेबनान पर इस्राएल के हमलों में कमी आने और अन्य पूर्व शर्तें मान लिए जाने के बाद अमरीका, ईरान और पाकिस्तान के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आज शुरू हुई। ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी ने बताया कि वार्ता के एजेंडा में-प्रमुख रूप से लेबनान में युद्धविराम लागू करने, अमरीका द्वारा जब्त की गई ईरानी संपत्तियों को वापस करने और होर्मुज जल-डमरू-मध्य पर चर्चा शामिल हैं।
इस बीच ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद-रज़ा आरिफ ने चेतावनी दी है कि यदि अमरीका वार्ता के दौरान इस्राएल के हितों को प्राथमिकता देता है तो कोई समझौता नहीं होगा।
ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर क़लीबाफ़ के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल और अमरीका के उपराष्ट्रपति जे डी वैंस के नेतृत्व में अमरीकी प्रतिनिधिमंडल पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्ति पर वार्ता के लिए पाकिस्तान में हैं।