सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो का खंडन किया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि भारतीय पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा भूटान को भेजा गया पेट्रोल वहां भारत की तुलना में काफी सस्ते दाम पर बेचा जा रहा है। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की तथ्य जांच इकाई ने कहा है कि यह वीडियो पुराना है और लोगों को गुमराह करने के लिए गलत संदर्भ में साझा किया जा रहा है।
पीआईबी ने स्पष्ट किया कि भूटान में पेट्रोल की खुदरा कीमत आधिकारिक स्रोतों से सत्यापित की जा सकती है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जानकारी को सही मानने या साझा करने से पहले उसकी पुष्टि विश्वसनीय स्रोतों से जरूर करें। साथ ही भारत सरकार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध सामग्री की सूचना पीआईबी तथ्य जांच इकाई को व्हाट्सऐप और ईमेल के माध्यम से देने को कहा गया है।