अप्रैल 14, 2026 1:54 अपराह्न

printer

पोषण ट्रैकर ऐप कर रहा है 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों और लगभग 9 करोड़ लाभार्थियों की निगरानी

पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन, पोषण अभियान के अंतर्गत 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों और लगभग 9 करोड़ लाभार्थियों की निगरानी कर रहा है। पोषण अभियान भारत का प्रमुख राष्ट्रीय पोषण मिशन है, जिसका उद्देश्य समन्वय, प्रौद्योगिकी और सामुदायिक डाटा संग्रह के माध्यम से पोषण परिणामों में सुधार करना है।

2021 में शुरू किया गया पोषण ट्रैकर, बुनियादी ढांचे और सेवा वितरण की निगरानी के लिए प्राथमिक शासन उपकरण के रूप में कार्य करता है। इस एप्लिकेशन ने आंगनवाड़ी सेवाओं के लिए वास्तविक समय डेटा संग्रह को सुगम बनाया है, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन, बच्चों की दैनिक उपस्थिति और विकास निगरानी शामिल है।

महिला एवं विकास मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में यह प्रणाली गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, छह वर्ष तक के बच्चों और किशोरियों की निगरानी कर रही है। पोषण ट्रैकर एप्लिकेशन ने मंत्रालय और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति सहित विभिन्न मापदंडों पर योजना के कार्यान्वयन की समीक्षा करने में सक्षम बनाया है।