माफिया सरगना दाउद इब्राहिम के निकट सहयोगी और कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को आज सुबह तुर्किये से भारत लाया गया। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो ने सलीम डोला को वापस लाकर बडी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि सलीम डोला की गिरफ्तारी सभी भगोडे मादक पदार्थ तस्करों और संगठित अपराध गिरोह के सदस्यों को न्याय के कठघरे में लाने का नरेन्द्र मोदी सरकार का संकल्प दर्शाती है। श्री शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार के मिशन के तहत देश की मादक पदार्थ रोधी एजेंसियां व्यापक नेटवर्क के जरिए सीमा पार अपराधियों पर अंकुश लगा रही है।
मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो ने अंतरराष्ट्रीय और भारतीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर वैश्विक तलाशी अभियान के अंतर्गत सलीम डोला की गिरफ्तारी की है। नई दिल्ली के इन्दिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही उसे ब्यूरो की हिरासत में ले लिया गया। मादक पदार्थ तस्करी के कई मामलों में वह वांछित अपराधी है। गुजरात के आतंकरोधी दस्ते और मुम्बई पुलिस को भी उसकी तलाश है। पिछले वर्ष संयुक्त अरब अमीरात से वापस लाए जाने के बाद मुम्बई पुलिस ने सलीम डोला के पुत्र ताहिल डोला और उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया था।