सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने आज पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित उत्तराखंड एडवेंचर राइड के तीसरे संस्करण को राजधानी से झंडी दिखाई। कल से आयोजित होने वाले दो दिवसीय आयोजन के अन्तर्गत मोटरसाइकिल समुदाय द्वारा सड़क सुरक्षा के महत्व को दिखाते हुए एक यात्रा निकाली जाएगी जो राजधानी से चलकर उत्तराखंड के भीमताल तक संचालित की जाएगी। वहीं आज कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर सशस्त्र बल, सरकारी मंत्रालय, कंपनी और मोटरसाइकिल समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले 40 सवारों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्री मल्होत्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता पहल केवल अलग-थलग घटनाएं नहीं हैं, बल्कि देश भर में जिम्मेदार सड़क उपयोग की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एक व्यापक राष्ट्रीय आंदोलन के अभिन्न अंग हैं। श्री मल्होत्रा ने सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने और हेलमेट के बिना वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने और कम उम्र में वाहन चलाने जैसे जोखिम भरे व्यवहारों से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह पहल साहसिक पर्यटन को जन जागरूकता के साथ प्रभावी ढंग से जोड़ती है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश को व्यापक रूप से पहुंचाया जा सकता है।
News On AIR | अप्रैल 9, 2026 7:51 अपराह्न | Uttarakhand Adventure Ride
सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने उत्तराखंड एडवेंचर राइड के तीसरे संस्करण को झंडी दिखाई