मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्योपुर जिले में कुनो राष्ट्रीय उद्यान के खुले जंगल में आज दो मादा चीता को छोड़ा। ये दोनों चीते इस वर्ष फरवरी में बोत्सवाना से भारत लाए गए नौ चीतों में से हैं। उन्हें क्वारंटीन और अनुकूलन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद जंगल में छोड़ा गया।
बोत्सवाना से लाए गए चीतों में छह मादा और तीन नर हैं। इनके आने से देश में चीतों की कुल संख्या 57 हो गई हैं। इस अवसर पर डॉ. यादव ने कहा कि दोनों चीतों को खुले जंगल में छोड़ा गया है ताकि वे प्रकृति के साथ खुले में रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग साढे तीन साल पहले कुनो में चीता प्रोजेक्ट शुरू किया था और अब ये सफलता की नई ऊंचाईयां छू रहा है।