अप्रैल 9, 2026 9:23 अपराह्न | Ali Yusuf Harshi

printer

इस्राएल रक्षा बल ने हिजबुल्लाह के महासचिव के निजी सचिव के मारे जाने की पुष्टि की

इस्राएल रक्षा बल-आईडीएफ ने बेरूत में हिजबुल्लाह के महासचिव नईम कासिम के निजी सचिव अली यूसुफ हर्षी के मारे जाने की घोषणा की है। आईडीएफ ने एक बयान में कहा कि उसने लिटानी नदी के दक्षिण में हथियार ले जाने के लिए हिजबुल्लाह द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले दो प्रमुख चौराहों और दक्षिणी लेबनान में 10 हथियार भंडारण स्थलों, लॉन्चरों और कमान केंद्रों को भी निशाना बनाया है। अमरीका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते की घोषणा के एक दिन बाद यह हमला हुआ है। इससे पहले, आईडीएफ ने दावा किया कि उसने एक पत्रकार के रूप में सक्रिय हमास आतंकवादी को मार गिराया है। आईडीएफ ने कहा कि वह आईडीएफ सैनिकों के खिलाफ हमलों की योजना बनाने में शामिल था। आईडीएफ के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने कहा कि इजरायल हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखेगा।
इस बीच, भारत में इस्राएल के राजदूत रूवेन अज़ार ने आज इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू के उस बयान को दोहराया कि लेबनान, अमरीका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम का हिस्सा नहीं है। एक समाचार एजेंसी के साथ विशेष साक्षात्कार में राजदूत ने कहा कि अमरीकी प्रशासन ने भी इसकी पुष्टि की है। राजदूत अज़ार ने कहा कि लेबनान की सरकार ने हिज़्बुल्लाह को निरस्त्र करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस्राएल अपनी रक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है और उसका परमाणु कार्यक्रम कई वर्ष पीछे चला गया है।