अप्रैल 20, 2026 7:47 पूर्वाह्न

printer

भारत-अमरीका के बीच प्रस्‍तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण की वार्ता आज से होगी शुरू

भारत और अमरीका के बीच प्रस्‍तावित द्विपक्षीय व्‍यापार समझौते के पहले चरण की बातचीत आज फिर शुरू होगी। यह वार्ता आज से 22 अप्रैल तक वाशिंगटन में होनी है। वाणिज्‍य विभाग में अपर सचिव दर्पण जैन भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व कर रहे हैं।

सीमा शुल्‍क और विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी बातचीत में शामिल होंगे। तीन दिन की वार्ता का उद्देश्‍य वैश्विक स्‍तर पर टैरिफ में बदलावों के बीच शुल्क रूपरेखा की समीक्षा करना है। अमरीकी शुल्‍कों में बदलावों के बाद दोनों देश द्वारा प्रस्‍तावित समझौते के पुन: आकलन के बीच यह वार्ता महत्‍वपूर्ण मानी जा रही है।

अमरीका की सुप्रीम कोर्ट द्वारा अंतर्राष्‍ट्रीय आपात आर्थिक शक्ति अधिनियम के तहत लागू शुल्‍क, हटाए जाने के बाद अमरीका ने सभी देशों से आयात पर दस प्रतिशत का अस्‍थायी टैरिफ 24 फरवरी से 150 दिनों के लिए लागू किया था। अमरीकी टैरिफ नियमों में बदलावों को देखते हुए दोनों पक्ष समझौते की रूपरेखा की समीक्षा करना चाहेंगे। इस समझौते का प्रारूप सात फरवरी को जारी हुआ था। इसके अलावा अमरीकी व्‍यापार प्रतिनिधि द्वारा एक तरफा जांच का मुद्दा भी वार्ता में उठ सकता है।