अप्रैल 29, 2026 3:14 अपराह्न

printer

भारत जलवायु प्रतिबद्धताओं में वैश्विक शीर्ष प्रदर्शनकर्ताओं में शामिल: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत जलवायु प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में वैश्विक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले देशों में से एक है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई एक मजबूरी से विकसित होकर देश के लिए आर्थिक रूप से व्यवहार्य प्रस्ताव बन गई है। नई दिल्ली में विकसित भारत 2047- जलवायु बुद्धिमत्ता के साथ लचीलापन बढ़ाना विषय पर आयोजित संवाद को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि जलवायु संकट का आवश्यक तत्परता और साझा जिम्मेदारी के साथ समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री ने वैश्विक दक्षिण के देशों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्‍होंने इस बात पर जोर दिया कि नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को पूरा करने में भारत लगातार शीर्ष जी20 देशों में आगे रहा है और उसने अपने नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को निर्धारित समय से आठ साल पहले ही हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि भारत के पास वर्तमान में लगभग 260 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता है और अब उसने वर्ष 2030 तक पांच सौ गीगावाट स्वच्छ ऊर्जा क्षमता तक पहुंचने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।