अप्रैल 23, 2026 6:33 पूर्वाह्न

printer

दिल्ली में वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र के पेट्रोल पंपों पर नहीं मिलेगा ईंधन

दिल्ली में वैध प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाणपत्र के बिना वाहनों को पेट्रोल, डीजल, सीएनजी या एलपीजी जैसे ईंधन पेट्रोल पंपों पर नहीं मिलेंगे। दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया है।

नए निर्देश के अनुसार, ईंधन की आपूर्ति केवल वैध पीयूसी प्रमाणपत्र धारक वाहनों को ही की जाएगी। सरकार ने कहा कि कार्यान्वयन में शून्य सहनशीलता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय की गई है।

सभी पेट्रोल पंपों और गैस आउटलेट्स को आदेश का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया है। सरकार ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार स्वच्छ, स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने और सतत और व्यापक उपायों के माध्यम से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण से निपटने के लिए ठोस और प्रभावी हस्तक्षेप की आवश्यकता है और यह निर्णय उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।