हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भटियात उपमंडल में पर्यटकों को ले जा रहे एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोगों की मृत्यु हो गई और दो बच्चों सहित चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में गुजरात के पांच पर्यटक थे, जबकि चालक हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का निवासी था। यह दुर्घटना आज तड़के काकीरा-लाहरू सड़क पर हुई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान ललित, उनकी पत्नी ममता, प्रियांक, उनकी पत्नी काजल और उनके बेटे दियांश के रूप में हुई है। चालक की पहचान जसवंत के रूप में हुई है। यह समूह हिमाचल प्रदेश घूमने आया था और मनाली से डलहौजी जा रहा था।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दुर्घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।