अप्रैल 29, 2026 6:57 अपराह्न

printer

द्रास को अलग जिला बनाए जाने पर लोगों में उत्साह का माहौल

लद्दाख में सरकार के द्रास को एक अलग जिला बनाने के ऐतिहासिक निर्णय के बाद आज पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल था, लोग इस ऐतिहासिक क्षण का बड़े उत्साह से जश्न मना रहे थे।

द्रास के निवासियों ने नव नियुक्त उपायुक्त इम्तियाज काचो और पुलिस अधीक्षक इश्तियाक अहमद काचो का स्वागत करने के लिए मुख्य बाजार और शहर में आने वाले पूरे रास्ते को सजाया। ये दोनों पहली बार कार्यभार संभालने के लिए पहुंचे थे।

एक भव्य जन स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अधिकारियों का अभिवादन करने के लिए रास्ते में जमा हुए। यह स्वागत विकास और शासन के एक नए युग के लिए जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को दर्शाता है।

टैक्सी स्टैंड से एसडीएम कार्यालय तक एक रैली भी निकाली गई, जिसमें स्थानीय प्रतिनिधियों, धार्मिक नेताओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के नागरिकों ने भाग लिया।

पहले उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यभार ग्रहण करना नवगठित जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे द्रास में तीव्र विकास और बेहतर सार्वजनिक सेवाओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं।