अप्रैल 29, 2026 6:18 अपराह्न

printer

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गौवंश संरक्षण और गौशालाओं के विकास पर अहम घोषणा की

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज गौवंश संरक्षण और गौशालाओं के विकास को लेकर अहम घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा किशनगंज स्थित गौशाला परिसर में नवनिर्मित राम मंदिर के ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के अवसर पर कही। उन्होंने बताया कि राजधानी में बनने वाली 13 नई गौशालाओं को ‘जीरो वेस्ट मॉडल’ पर विकसित किया जाएगा।

मुख्‍यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार प्रत्येक जिले में कम से कम एक नई गौशाला स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसके लिए स्थानों की पहचान की जा चुकी है। मुख्‍यमंत्री ने बताया कि इन गौशालाओं का विकास आधुनिक मॉडल पर किया जाएगा, जिसमें बायोगैस प्लांट, वेटरनरी अस्पताल, सोलर प्लांट और जीरो-वेस्ट मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

पर्यावरण और स्वच्छता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में हर दिन निकलने वाले गोबर के सही और वैज्ञानिक निपटान के लिए बायोगैस प्लांट लगाए जा रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि अगले दो साल में ऐसे 6 नए प्लांट लगाने का लक्ष्य है। इससे शहर साफ रहेगा और ऊर्जा भी पैदा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सेवा केवल परंपरा नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जिम्मेदारी भी है, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

दिल्‍ली सरकार द्वारा डेयरी कॉलोनियों के सुधार और पुनर्विकास के लिए 100 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।