मई 22, 2026 8:12 पूर्वाह्न

printer

2019 के पुलवामा आतंकी हमले के संदिग्ध मुख्य आरोपी हमज़ा बुरहान की मौत

2019 के पुलवामा आतंकी हमले में 40 से अधिक सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा हमजा बुरहान कल पाकिस्तान के कब्‍जे वाले कश्मीर-पीओके में अज्ञात बंदूकधारियों की गोलीबारी में मारा गया। बुरहान उर्फ ​​अर्जुमंद गुलजार डार उर्फ ​​डॉक्टर, अल बदर आतंकी समूह का कमांडर था, जिसे जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी घटनाओं में संलिप्तता के कारण भारत ने अप्रैल 2022 में आतंकवादी घोषित किया था।

पुलवामा हमले के बाद से वह पीओके में एक शिक्षक के रूप में छुपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार मुजफ्फरबाद के गोजरा स्थित एक निजी कॉलेज के प्रिंसिपल बुरहान को कल सुबह कॉलेज से बाहर निकलते ही निशाना बनाया गया। हमलावरों ने उन पर करीब से कई गोलियां चलाईं। पुलिस ने संवाददाताओं को बताया कि बुरहान के सिर में तीन गोलियां लगी थीं। उसे गंभीर हालत में पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया।

पुलिस का दावा है कि उन्होंने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है और हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अपराध करने के बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल पर भाग रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने उसे काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया।

1999 में जन्मे दार जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा का रहने वाला था। वह वैध दस्तावेजों के सहारे पाकिस्तान गया, जहां वह अल बदर आतंकी गुट में शामिल हो गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, दार अल बदर का सक्रिय आतंकवादी और कमांडर था। पाकिस्तान जाने के बाद से ही दार युवाओं को अल बदर में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहा था और गुट की आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटा रहा था।