पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। सभी प्रमुख दलों के नेता जनसभाएं कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कटवा, जांगीपुर और कुशमंडी में तीन जनसभाएं कीं।
प्रधानमंत्रीने तुष्टीकरण को समाप्त करने के लिए समान नागरिक सहिंता लागू करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगालियों को राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी। श्री मोदी ने आगामी विधानसभा चुनाव को पश्चिम बंगाल की पहचान और भविष्य की रक्षा की लड़ाई के रूप में पेश किया। प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति और घुसपैठियों के समर्थन का आरोप लगाया।
श्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और कुशासन का आरोप भी लगाया। प्रधानमंत्री ने सिलीगुड़ी में बिहार मोड़ से स्टेशन मोड़ तक रोड शो में भी भाग लिया।
भाजपा नेता अमित शाह ने पुरुलिया और बांकुडा में जनसभाओं को संबोधित किया। श्री शाह ने घुसपैठ का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर 45 दिनों के भीतर सीमा पर कांटेदार बाड़ लगा दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के 45 दिनों के अंदर राज्य सरकार के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के लाभ दिए जाएंगे। श्री शाह ने तृणमूल सरकार द्वारा केंद्रीय निधियों के दुरुपयोग की आलोचना की और आदिवासी समुदायों के लिए विकास का संकल्प लिया।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बांकुडा, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से उन पर भरोसा जताने और टीएमसी को वोट देने का आह्वान किया।