तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। भीषण गर्मी के बाद भी लोग बड़ी संख्या में चुनावी रैलियों में इकट्ठा हो रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कल ऑल इंडिया अन्ना डीएमके के लिए प्रचार किया। रॉयपुरम में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने मछुआरों की समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता एल. मुरुगन ने भी विभिन्न स्थानों पर प्रचार किया।
दूसरी ओर, डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री स्टालिन ने पुदुक्कोट्टई में रोड शो किया। उन्होंने ऑल इंडिया अन्ना डीएमके प्रमुख पलनीसामी पर विभिन्न मुद्दों पर राज्य की जनता का साथ न देने का आरोप लगाया। वहीं, श्री पलनीसामी ने डीएमके पर राज्य की अर्थव्यवस्था की बदहाली और कम महत्व की योजनाओं पर फिजूलखर्ची का आरोप लगाया।