केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी के अंतर्गत नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन और आधुनिकीकरण को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह नागपुर हवाई अड्डे के लिए एक क्षेत्रीय विमानन केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय है, जो नागपुर में बहु-मॉडल अंतरराष्ट्रीय कार्गो हब और हवाई अड्डा परियोजना के अंतर्गत आता है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की दक्षता और सरकारी निगरानी के साथ, हवाई अड्डे में महत्वपूर्ण निवेश, आधुनिकीकरण और बेहतर यात्री तथा कार्गो सेवाएं देखने को मिलेंगी।
जीएमआर नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड-जीएनआईएएल नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को विश्व स्तरीय बनाने का कार्य करेगी। चरणबद्ध विकास के अंतर्गत प्रति वर्ष तीन करोड़ यात्रियों के क्षमता की परिकल्पना की गई है। यह परिवर्तन न केवल विदर्भ क्षेत्र में संपर्क को बढ़ाएगा, बल्कि इसके आर्थिक बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करेगा। इससे माल ढुलाई की क्षमता में भी व्यापक वृद्धि होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में नागपुर हवाई अड्डे के बारे में निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे सम्पर्क और वाणिज्य-व्यापार बढ़ेगा तथा विकास के नए अवसर सृजित होंगे।