सेना की त्रिशक्ति कोर ने उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए हिम सेतु अभियान शुरू किया है। भूस्खलन के कारण उत्तरी सिक्किम में लाचेन और चुंगथांग के बीच सड़क संपर्क टूट गया था जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ।
खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बावजूद, सैनिकों ने महत्वपूर्ण दर्रों को खोल दिया है और लोगों को निकालने के कार्य के लिए वैकल्पिक मार्गों को भी खोल दिया गया है।
सीमा सड़क संगठन त्रिशक्ति कोर के सैनिकों के साथ निकट समन्वय में काम कर रहा है और चुनौतीपूर्ण मौसम और भूभाग की स्थितियों के बावजूद लगातार सड़क की सफाई, बर्फ हटाने और संपर्क बहाल करने का काम कर रहा है।
अब तक 135 पर्यटकों को 32 हल्के वाहनों और 10 मोटरसाइकिलों के साथ सुरक्षित निकाला जा चुका है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।