कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडार है और किसी तरह का कोई अभाव नहीं है। कल नई दिल्ली में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ कृषि बदलाव से स्वास्थ्य के लिए विज्ञान की उत्कृष्टता – सेहत का शुभारंभ करते हुए श्री चौहान ने कहा कि इस पहल से लोगों के लिए स्वास्थ्यकर जीवनशैली को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रति सरकार की सक्रियता दर्शाती है। उन्होंने रोकथाम, शुरूआती पहचान और सक्रिय देखभाल के साथ किफायती और उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच बढाने पर बल दिया। श्री नड्डा ने प्रभावी पहल के लिए विज्ञान, नीति और कार्यान्वयन के समन्वय पर जोर दिया।
सेहत पहल का उद्देश्य स्वस्थ भारत के लिए कृषि, पोषण और वैज्ञानिक नवाचार को मजबूत करना है।