श्रीलंका के उत्तरी भाग में स्थित कांकेसंथुरई और भारत के नागपट्टिनम के बीच चलने वाली नौका शुक्रवार रात इंजन खराब होने के कारण कई घंटों तक समुद्र में फंसी रही। इसमें 144 यात्री सवार थे।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नौका दोपहर लगभग ढाई बजे कंकेसंथुरई से रवाना हुई थी और उसे चार घंटे में नागपट्टिनम पहुंचना था। खराब मौसम और तकनीकि खराबी के कारण नौका रात पौने ग्यारह बजे नागपट्टिनम पहुंची।
भारतीय अधिकारियों और स्थानीय मछुआरों को फंसे हुए नौका की सहायता के लिए भेजा गया, जिसके बाद उसे धीरे-धीरे बंदरगाह पर वापस लाया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं।