निर्वाचन आयोग ने आज कहा कि पश्चिम बंगाल में स्वतंत्रता के बाद से अब तक की सबसे अधिक मतदान भागीदारी दर्ज की गई है। दूसरे चरण में शाम सात बजकर 45 मिनट तक 91.66% मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 93.19% मतदान हुआ था। दोनों चरणों में कुल मतदान प्रतिशत 92 दशमलव चार-सात प्रतिशत रहा। इससे पहले, पश्चिम बंगाल में मतदान में सबसे अधिक भागीदारी 2011 के विधानसभा चुनावों में 84.72% दर्ज की गई थी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. एसएस संधू और डॉ. विवेक जोशी ने पश्चिम बंगाल के सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान पर कड़ी नजर रखी। आयोग के नवीनतम निर्देशों के अनुसार पीठासीन अधिकारियों ने मतदान समाप्त होने के बाद मतदान केंद्र छोड़ने से पहले ईसीआईएनईटी पर मतदान प्रतिशत को अपडेट किया, जिससे मतदान रुझानों को अपडेट करने में थोड़ी देरी हुई।