रूस और यूक्रेन के बीच आज रात हुए हमलों में दस लोग मारे गए। दोनों देशों के अधिकारियों ने बताया कि इन हमलों में दर्जनों लोग घायल हैं। ये हमले ऐसे समय हुए जब यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोद्योमिर ज़ेलेंस्की तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप अर्दोआन के साथ बातचीत के लिए इस्तांबुल गए थे।
यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने रात भर में 2 सौ 86 ड्रोन दागे जिसमें से 2 सौ 60 ड्रोन उसने मार गिराया। निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के निकोपोल में पांच लोग मारे गए और 19 घायल हुए। वहीं, सूमी में 11 अन्य घायल हुए। कीव में एक ड्रोन हमले से तीन मंजिला कार्यालय और गोदाम की इमारत में आग लग गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। डोनेट्स्क क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में एक महिला की भी मृत्यु हो गई।
रूस के अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेनी हमलों में चार लोग मारे गए। उन्होंने बताया कि रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने रात भर में 85 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।