सितम्बर 27, 2025 8:20 पूर्वाह्न

printer

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने दिल्ली में नेशनल वन हेल्थ मिशन की प्रगति की समीक्षा की

 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने कल दिल्ली में कार्यकारी संचालन समिति की दूसरी बैठक में ‘नेशनल वन हेल्थ मिशन’ की प्रगति की समीक्षा की। मानव, पशु, पेड़-पौधों और पर्यावरणीय स्वास्थ्य के बीच आपसी संबंधों को पहचानने में इस मिशन की भूमिका पर ज़ोर देते हुए, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केवल मिलकर काम करने से ही भविष्य के खतरों का अंदाज़ा लगाया जा सकता है और उन्हें रोका जा सकता है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि नेशनल वन हेल्थ मिशन के माध्यम से विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास, दृष्टिकोण को वास्तविक परिणामों में बदल रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से इस सहयोग को और मज़बूत करने और इस मिशन की पहलों के कार्यान्वयन में राज्य पदाधिकारियों का सहयोग करने का आह्वान किया।

श्री नड्डा ने वन हेल्थ मिशन के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं, रोडमैप और मार्गों में हुई प्रगति की सराहना की। स्वास्थ्य मंत्री ने इस मिशन के कार्यान्वयन के लिए बुनियादी सुविधाओं को मज़बूत करने का सुझाव दिया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भविष्य में मिशन की सफलता के लिए पूर्वानुमानित विचार प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। श्री नड्डा ने बैठक में हुए विचार-विमर्श से उभरे सुझावों का स्वागत किया।