सितम्बर 28, 2025 8:38 अपराह्न

printer

वर्ल्ड फ़ूड इंडिया 2025, एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश प्रतिबद्धताओं के साथ संपन्न

वर्ल्ड फ़ूड इंडिया 2025 आज, एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश प्रतिबद्धताओं के साथ संपन्न हो गया। यह भारत के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक है।

 

नई दिल्ली में आयोजित चार दिन के इस आयोजन में, 26 प्रमुख घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इन समझौतों से चौंसठ हज़ार से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोज़गार और दस लाख से अधिक लोगों के लिए अप्रत्यक्ष अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

 

मंत्रालय ने इस बात पर ज़ोर दिया कि ये निवेश पूरे भारत में फैले हुए हैं, जो कई राज्यों और डेयरी, मांस तथा पोल्ट्री, पैकेज्ड खाद्य पदार्थ, मादक तथा गैर-मादक पेय पदार्थ, मसाले, कन्फेक्शनरी, खाद्य तेल, फल तथा सब्ज़ियाँ और रेडी-टू-ईट उत्पादों जैसे विविध क्षेत्रों में हैं। राष्ट्रीय निवेश संवर्धन और सुविधा एजेंसी- इन्वेस्ट इंडिया ने समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करने में मंत्रालय का सहयोग किया।

 

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा आयोजित वर्ल्ड फ़ूड इंडिया 2025 को खाद्य क्षेत्र में सतत विकास, नवाचार और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में देखा जा रहा है। यह वैश्विक खाद्य प्रणालियों के भविष्य को आकार देने में भारत की भूमिका को और मजबूत करेगा।