अप्रैल 29, 2026 4:35 अपराह्न

printer

रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पूर्वी समर्पित माल गलियारे पर 24 घंटे गश्त बढ़ाने की योजना की घोषणा की

रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पूर्वी समर्पित माल गलियारे पर 24 घंटे गश्त तेज करने और ड्रोन की तैनाती के जरिए निगरानी बढ़ाने की व्यापक योजना की घोषणा की।

मंत्री ने पंजाब के पटियाला जिले में शंभू-राजपुरा रेल पटरी के पास कल रात हुए विस्फोट स्थल का दौरा किया और पूर्वी समर्पित माल गलियारे पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। बाद में एक संवाददाता सम्‍मेलन में उन्होंने कहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं को निशाना बनाकर क्षेत्र को अस्थिर करने में बाहरी हस्‍तक्षेप के संकेत मिले हैं।

लोको पायलट की सतर्कता की सराहना करते हुए, जिन्होंने प्रभाव का आभास होते ही ट्रेन को तुरंत रोक दिया, जिससे एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई, उन्होंने कहा कि गलियारे के एकांत और संवेदनशील हिस्सों की पंजाब में तीन महीने के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है जब गलियारे पर रेल यातायात को बाधित करने के उद्देश्य से इस तरह के विस्फोट का प्रयास किया गया है।

पूर्वी समर्पित माल ढुलाई गलियारा, जो लुधियाना के साहनेवाल को पश्चिम बंगाल से जोड़ता है, एक महत्वपूर्ण आर्थिक मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन लगभग 30 ट्रेनें औद्योगिक और कृषि सामग्री का परिवहन करती हैं। इस नेटवर्क में किसी भी प्रकार की बाधा राज्य और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा झटका है।