राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 156वीं जयंती से पहले श्रद्धांजलि अर्पित की है। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह राष्ट्रपिता के आदर्शों और मूल्यों को समर्पित करने का अवसर है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि महात्मा गांधी ने शांति, सहिष्णुता और सत्य का संदेश दिया है, जो संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपना जीवन अस्पृश्यता, अशिक्षा, व्यसन और अन्य सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए समर्पित कर दिया और समाज के कमजोर वर्गों को शक्ति तथा सहारा प्रदान किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि महात्मा गांधी ने चरखे के माध्यम से आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, जिसका उद्देश्य एक आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और शिक्षित भारत का निर्माण करना था। राष्ट्रपति ने नागरिकों से सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने और राष्ट्र के कल्याण तथा प्रगति के लिए प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया।