राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजयादशमी की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है और लोगों को सत्य तथा न्याय के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह त्योहार सभी को क्रोध तथा अहंकार जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों का त्याग करने और साहस तथा दृढ़ संकल्प जैसी सकारात्मक प्रवृत्तियों को अपनाने की शिक्षा देता है।
राष्ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि यह त्योहार सभी को एक ऐसे समाज और देश के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा जहाँ सभी लोग न्याय, समानता और सद्भाव के विचारों से प्रेरित होकर एक साथ आगे बढ़ें।