सितम्बर 22, 2025 1:16 अपराह्न

printer

देश के रक्षा उद्योग ने एक लाख 50 हज़ार करोड़ रुपये के उपकरण बनाये हैं और रक्षा निर्यात 23 हज़ार करोड़ रुपये को पार कर गया है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश के रक्षा उद्योग ने एक लाख 50 हज़ार करोड़ रुपये के उपकरण बनाये हैं और रक्षा निर्यात 23 हज़ार करोड़ रुपये को पार कर गया है। उन्होंने कहा कि भारत अब 100 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। कल मोरक्को के रबात में प्रवासी भारतीयों के साथ बातचीत में रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत द्वारा हासिल की गई बहुआयामी प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैश्विक और भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद भारत सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। श्री सिंह ने कहा कि भारत, विश्‍व की 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और जल्‍द ही शीर्ष तीन में शामिल होने को तैयार है।

 

बातचीत में भारतीय समुदाय ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों की निर्णायक कार्रवाई की सराहना की। रक्षा मंत्री ने दोहराया कि पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हुए कायराना हमले के बाद सशस्त्र बल पूरी तरह तैयार थे और उन्हें जवाब देने की पूरी आज़ादी दी गई थी।

 

यह यात्रा किसी भारतीय रक्षा मंत्री की उत्तरी अफ़्रीकी देश की पहली यात्रा है, जो भारत और मोरक्को के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों का संकेत देती है।