भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का आज नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले आज दोपहर उनके पार्थिव शरीर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार में मंत्रियों सहित पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रोफेसर मल्होत्रा को श्रद्धांजलि देते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रोफेसर मल्होत्रा का पूरा जीवन देश और समाज के प्रति समर्पण, संघर्ष और त्याग का एक अतुलनीय उदाहरण है। उनकी नेतृत्व क्षमता ने संगठन के सदस्यों में एकता और कर्तव्य की भावना जागृत की। वरिष्ठ भाजपा नेता का कल नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स में निधन हो गया था। वह 93 वर्ष के थे। प्रोफेसर मल्होत्रा के निधन पर उनके सम्मान में आज, दिल्ली सरकार द्वारा एक दिवसीय राजकीय शोक रखा गया था।
प्रोफेसर मल्होत्रा दिल्ली के पहले मुख्य कार्यकारी पार्षद और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष थे।