सितम्बर 18, 2025 2:40 अपराह्न

printer

पीएम मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आज देश भर में दिखाई जा रही फिल्म, चलो जीते हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म, चलो जीते हैं आज देश भर के लाखों स्कूलों और लगभग 500 सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है। यह प्रधानमंत्री मोदी के जीवन की एक बचपन की घटना से प्रेरित है। यह फिल्म एक युवा लड़के – नारू – की कहानी कहती है, जो स्वामी विवेकानंद के दर्शन से गहराई से प्रभावित है और अपनी छोटी सी दुनिया में बदलाव लाने का प्रयास करता है।

 

समीक्षकों द्वारा प्रशंसित यह फिल्म मूल रूप से 2018 में रिलीज़ हुई थी और उस वर्ष की सबसे अधिक देखी गई लघु फिल्मों में से एक थी। इस लघु फिल्म ने 2019 में घोषित 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में पारिवारिक मूल्यों पर आधारित सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। चलो जीते हैं का निर्देशन मंगेश हदावले ने किया है और इसे आनंद एल. राय और महावीर जैन ने प्रस्तुत किया है।

   

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इसे स्वामी विवेकानंद के दर्शन और विचारों के प्रति एक सिनेमाई श्रद्धांजलि बताया है। इसमें निस्वार्थता और सेवा का संदेश दिया गया है। मंत्रालय को उम्मीद है कि इस पुनर्विमोचन से नई पीढ़ी तक यह संदेश प्रभावशाली ढंग से पहुँचाने में मदद मिलेगी। यह विशेष पुनर्विमोचन कल शुरू हुआ और 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा।