सितम्बर 22, 2025 11:40 पूर्वाह्न

printer

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी आज से श्रीलंका की यात्रा पर, श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से करेंगे मुलाकात

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी आज से श्रीलंका की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान, वे श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात करेंगे। एडमिरल त्रिपाठी तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ रक्षा सहयोग के व्यापक मुद्दों पर द्विपक्षीय चर्चा भी करेंगे, जिसमें समुद्री सुरक्षा, क्षमता संवर्धन, प्रशिक्षण और सहयोग को मज़बूत करने के अवसरों की पहचान पर ज़ोर दिया जाएगा।

 

नौसेना प्रमुख कोलंबो में आयोजित होने वाले 12वें गैले डायलॉग 2025 – अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सम्मेलन में भी भाग लेंगे, जिसका विषय होगा बदलती गतिशीलता के तहत हिंद महासागर का समुद्री परिदृश्य। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा समय की कसौटी पर खरे उतरे भारत-श्रीलंका संबंधों की पुष्टि करती है, जो आपसी सम्मान, समुद्री विश्वास और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के लिए एक साझा दृष्टिकोण पर आधारित हैं।