सितम्बर 17, 2025 8:52 अपराह्न

printer

दिल्ली पुलिस ने एक कार्यक्रम में एक हज़ार पांच सौ से अधिक बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में एक हज़ार पांच सौ से अधिक बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि उन्होंने इस वर्ष 15 सितंबर तक छह हज़ार से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं और साढ़े तीन हज़ार से अधिक मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। इस अवसर पर, श्री सक्सेना ने चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने में समर्पित पुलिसकर्मियों और घटना को रोकने में बहादुरी दिखाने वाले नागरिकों को भी सम्मानित किया। दिल्‍ली पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री सक्‍सेना ने कहा कि दिल्‍ली पुलिस दिल की पुलिस है और लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की। उपराज्यपाल द्वारा सम्मानित दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर रोहित ने बताया कि उनकी टीम ने इस वर्ष पांच सौ से अधिक मोबाइल फ़ोन बरामद किये हैं। उन्होंने लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील भी की।

    आकाशवाणी समाचार से बातचीत में राष्ट्रीय राजधानी के ललित कुमार तिवारी जिनका आज मोबाइल लौटाया गया है उन्होंने दिल्ली पुलिस का धन्यवाद किया है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस के द्वारा किये जा रहे कार्यों की उन्होंने सराहना भी की।