दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने करोनाकाल के दौरान ड्यूटी निभाते हुए जान गंवाने वाले दिल्ली सरकार के कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द ही 10 कर्मियों के परिजनों को यह अनुग्रह राशि प्रदान करेगी। कोरोना काल में काम कर रहे कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के इतिहास के सबसे निःस्वार्थ और प्रेरणादायी अध्यायों में इन्हें दर्ज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कोरोना काल के दौरान दिल्ली सरकार के कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर, निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा की। साथ ही उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल एक प्रशासनिक सुधार है, बल्कि एक संवेदनशील और करुणामय शासन के मॉडल का प्रतीक है। यह निर्णय उन सभी कर्मवीरों के प्रति एक श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपने कर्तव्य को जीवन से भी अधिक महत्व दिया।