कोयला और खान मंत्री किशन रेड्डी ने कहा है कि तेलंगाना में डीजल और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने लोगों से ईंधन आपूर्ति से जुड़ी अफवाहों पर विश्वास न करने का आग्रह किया। श्री रेड्डी ने आज दिलकुशा में तेल विपणन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति तथा उपलब्धता पर समीक्षा बैठक की।
बैठक के बाद श्री रेड्डी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ विपक्षी नेताओं के बयान इन अफवाहों को जन्म दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि डीलरों द्वारा कंपनियों को बकाया भुगतान में देरी और समय पर आपूर्ति न करना भी कुछ हद तक अनिश्चितता का कारण है और तेल कंपनियों को स्थिति सुधारने के निर्देश जारी किए गए हैं।
श्री रेड्डी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका बोझ जनता पर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी में लोगों का घर में पेट्रोल और डीजल का भंडारण करना सुरक्षित नहीं है। श्री रेड्डी ने राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी से सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया।