तमिलनाडु सरकार ने करूर में एक रैली में हुई भगदड़ की दुखद घटना की जाँच के लिए उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जाँच आयोग का गठन किया है। इस रैली में 40 लोगों की जान चली गई थी। यह घटना कल अभिनेता से नेता बने और टीवीके के संस्थापक विजय के स्वागत में आयोजित विशाल सभा के दौरान हुई।
पैनल ने आज शाम न्यायमूर्ति जगदीशन के घटनास्थल का दौरा करने के साथ अपनी जाँच शुरू की।
इसी क्रम में, तमिलनाडु के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक – कानून-व्यवस्था डेविडसन देवसिरवथम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। बाद में मीडिया को संबोधित करते हुए, उन्होंने स्पष्ट किया कि भगदड़ तब हुई जब भीड़ अभिनेता विजय के वाहन की ओर बढ़ी। उन्होंने यह भी कहा कि हालाँकि कार्यक्रम में देरी हुई, लेकिन सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई। इस घटना के सिलसिले में टी.वी.के महासचिव एन. आनंद और चार अन्य पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।